पटना। सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उन्होंने एक टीवी को दिए इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ और राजनीतिक भविष्य को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए. तेज प्रताप ने साफ तौर पर कहा कि उनकी गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव की तस्वीर उन्होंने खुद एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर की थी और उन्हें अपने ‘प्रेम’ पर कोई पछतावा नहीं है.
तेज प्रताप ने बेबाकी से स्वीकार किया, “मेरा ही पोस्ट था… हमने ही डाला था… जो बीत गया अब उस पर मेरा ध्यान नहीं है. हमें अभी काम करना है, जो चुनाव आने वाला है उस पर फोकस करना है.” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें प्रेम करने की कीमत चुकानी पड़ी? तो उनका जवाब था, “प्रेम सब कोई करता है. प्रेम किया तो किया… कोई गलत नहीं किया. कोई जनता के दिल से थोड़ी निकाल देगा. नए तरीके से काम होगा. जनता के बीच जाएंगे। पार्टी में अपनी मौजूदा स्थिति पर तेज प्रताप ने कहा कि वह जयचंदों के बारे में बात नहीं करना चाहते, बल्कि जनता के लिए काम करना चाहते हैं. उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में वह लड़ेंगे और जीतेंगे, और सिंबल भी मिल जाएगा. पार्टी से बाहर होने के सवाल पर उनका जवाब रहस्यमय था: “आप अंदाजा नहीं लगा सकते हैं कि दुश्मन घर में है या बाहर है. दुश्मन तो हर जगह लगा है। तेज प्रताप ने आगे कहा कि अगर उनके पार्टी से बाहर होने से किसी के घर की दाल-रोटी चल रही है तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. अंत में उन्होंने जोर देकर कहा, “हम जमीन से जुड़े हैं. सब जानते हैं कि असली लालू यादव यही है।


