झारखंड…झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार दोपहर 12:35 बजे शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन के श्राद्ध कर्म के संस्कार भोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घोड़ाबांधा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्व. सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल ने स्व. रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमनी सोरेन से कुछ समय तक बातचीत की और परिवार को सांत्वना दी। उनके साथ मंत्री के बड़े पुत्र सोमेश सोरेन भी मौजूद रहे। राज्यपाल सड़क मार्ग से सीधे श्राद्ध स्थल पर पहुंचे। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए घोड़ाबांधा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। संस्कार भोज के लिए एक बड़ा पंडाल भी तैयार किया गया है। दोपहर तक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी घोड़ाबांधा पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।


