Dhanbad : धनबाद में बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के दूसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन न्यू टाउन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। राज्यपाल ने 164 पीएचडी और गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह सिर्फ डिग्री लेने का अवसर नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है।
राज्यपाल ने कहा कि आज के समय में शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। छात्रों को शोध, नवाचार और नए विचारों पर काम करने की जरूरत है। शिक्षा का उद्देश्य समाज और देश के विकास में योगदान देना होना चाहिए। उन्होंने छात्रों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि हर शिक्षित व्यक्ति को कम से कम एक बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इससे निरक्षरता और असमानता जैसी समस्याओं को कम किया जा सकता है।
मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित करने और खाली पदों को भरने की दिशा में प्रयास जारी हैं। कुछ जगहों पर कुलपति नियुक्ति की प्रक्रिया अगले महीने तक पूरी होने की उम्मीद है। दीक्षांत समारोह में शामिल छात्रों ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


