Latehar : लातेहार जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में पांच महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके अलावा हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के महुआडांड़ में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में लातेहार जिले में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
घायलों को मिलेगा बेहतर इलाज
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।


