Palamu : झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राशन दुकान की आड़ में चल रहे गांजा तस्करी का खुलासा किया है। हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुकही में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई की पुष्टि पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सोमवार को की।
पुलिस को रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम कुकही निवासी गुड्डु कुमार (35) अपनी राशन दुकान में गांजा छिपाकर रखता है और उसकी खरीद-बिक्री करता है। सूचना मिलते ही मामले से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन (परि.) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने गुड्डु कुमार की राशन दुकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से एक प्लास्टिक थैले में रखा 3.270 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा को मौके पर ही जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी गुड्डु कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
छापामारी दल में ट्रेनी डीएसपी राजीव रंजन, सर्किल इंस्पेक्टर विनोद राम, एसआई धनंजय गोप, अमर सिंह सहित हैदरनगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। इस संबंध में हैदरनगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।


