रांची …झारखंड की राजधानी के रांची जिले में गश्त लगा रही पुलिस की एक टीम पर अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की. इसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने कहा है कि इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है. सभी को पूछताछ के लिए खलारी थाने लाया गया है.
घायल कांस्टेबल अस्पताल में भर्ती
घटना खलारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी राय इलाके में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुई. खलारी के थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि कांस्टेबल राम सारिक को रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है.
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी- थाना प्रभारी
उन्होंने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. पुलिसकर्मी पूर्वी राय इलाके में नियमित गश्त पर थे, तभी बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी. थाना प्रभारी ने कहा कि बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं.


