रामगढ़ एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को चेताया, अवैध खनन हुआ तो सीधी कार्रवाई
रामगढ़। सीसीएल कुजू प्रक्षेत्र में करमा परियोजना में चाल धंसने की घटना की जांच जिला प्रशासन के द्वारा कराई गई। इस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि सीसीएल के पदाधिकारियों की लापरवाही की वजह से कोयला का अवैध खनन हो रहा था। इस दौरान चाल धंसा और चार ग्रामीणों की मौत हो गई। सीसीएल अपने प्रक्षेत्र की सुरक्षा करने में ना सिर्फ नाकामयाब रहा, बल्कि उसके द्वारा घोर लापरवाही भी बरती गई। इस मामले में मांडू अंचल अधिकारी विमल कुमार सिंह के बयान पर कुजू जीएम, सिक्योरिटी इंचार्ज, सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कुजू ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि करमा सीसीएल प्रोजेक्ट के प्रोजेक्ट पदाधिकारी, प्रबंधक, महाप्रबंधक, सुरक्षा पदाधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी के द्वारा मानकों का अनुपालन नहीं करने एवं करवाने में लापरवाही बरतने के कारण घटना घटित हुई है।
सुगिया गांव के चार लोगों की हादसे में हुई थी मौत
दर्ज प्राथमिकी 160/25 में कहा गया है कि जांच दल करमा स्थित सीसीएल प्रोजेक्ट ग्रामसुगिया, टोला महुआटुंगरी पहुँचा तो पाया कि खदान में ग्रामिणों का भीड़ है। पुछताछ करने पर पता चला कि कुछ ग्रामीण कोयले का अवैध उत्खनन कर रहे थे। उत्खनन करने के दौरान उपर से चाल गिर जाने के कारण मो० इम्तियाज अंसारी उम्र करीब 42 वर्ष पिता- यासिन अंसारीग्राम-सुगिया, महुआटुंगरी, वकिल करमाली उम्र करीब 55 वर्ष पिता- स्व0 मानकी करमालीग्राम-सुगिया, करमाली टोला, निर्मल मुण्डा उम्र करीब 42 वर्ष पिता-स्व0 सुधन मुण्डाग्राम-सुगिया, रामेश्वर मांझी उग्र करीब 35 वर्ष पिता-महाविर मांझी ग्राम -सुगिया, महआटुंगरी की मृत्यु हो गई है।
खदान के चारों तरफ नहीं थी बाउंड्री, अनधिकृत प्रवेश पर नहीं लगा रोक
जांच के क्रम में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त घटनास्थल सीसीएल प्रोजेक्ट करमा कोलयरी अंतर्गत अधिसूचित क्षेत्र है। उक्त खदान में नियमान्सार चारोंतरफ चारदिवारी से घेरा बंदी करने, प्रतिबंधित क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने से रोकने तथा खदान क्षेत्र में सुरक्षाकर्मी के द्वारा निगरानी रखने का प्रावधान है। परंतु करमा माइंस के संचालक द्वारा उपरोक्त मानको का अनुपालन नहीं किया गया है। साथ ही यह भी पाया गया कि उक्त घटनास्थल के पास ही (करीब 75 मीटर) पर माइंस का गार्ड रूम अवस्थित है। इसके बावजूद भी अवैध रूप से कोयले का उत्खनन ग्रामिणों के द्वारा किया जा रहा है तथा लिज एरिया के सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेवारी पूर्ण रूप से सीसीएल महाप्रबंधक की है। इनके द्वारा सुरक्षा नहीं किया जाना इनके कर्तव्य के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। जिस कारण खदान के अगल-बगल के ग्रामिणों के द्वारा कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा था। उक्त मृतकों एवं घायलों के द्वारा कोयले का अवैध उत्खनन करने के दौरान चाल धँसने से यह घटना घटित हुई है।
एसपी अजय कुमार ने थाना प्रभारियों को चेताया, अवैध खनन बर्दाश्त नहीं
घटना के बाद एसपी अजय कुमार काफ़ी गंभीर है। अवैध खनन और कारोबार को लेकर थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली तो सीधी कार्यवाई होगी।


