बोकारो …बोकारो जिले के चास प्रखंड अंतर्गत मानगो पंचायत के कर्मागोड़ा गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के सभी सदस्य विषाक्त भोजन की चपेट में आ गए। जहरीला भोजन खाने से सबसे पहले 22 वर्षीय नरेश मांझी की सोमवार की सुबह लगभग 4 बजे घर पर ही मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उनके पिता, 55 वर्षीय लोबिन मांझी की भी सदर अस्पताल में मृत्यु हो गई। परिवार के अन्य पांच सदस्य बड़े पुत्र 35 वर्षीय वकील मांझी, बहू सोमली देवी (30 वर्ष), बेटी सोहगी कुमारी (18 वर्ष), पोता अरुण मुर्मू (2 वर्ष) और लोबिन मांझी की पत्नी भी गंभीर रूप से बीमार हैं और फिलहाल बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती हैं।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और सिविल सर्जन के निर्देश पर ग्राम स्तरीय मेडिकल टीम को तत्काल जांच के लिए गांव भेजा गया। बाद में जिला स्तरीय मेडिकल टीम भी कर्मागोड़ा पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भोजन में ज़हर कैसे मिला। पूर्व मुखिया मंतोष सोरेन और वर्तमान मुखिया प्रमिला देवी ने बताया कि रविवार की शाम परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन किया था। रात में सबसे पहले नरेश मांझी को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। स्थानीय स्तर पर दवा देने के बाद भी हालत बिगड़ती गई और देर रात उनकी मृत्यु हो गई।इसके बाद लोबिन मांझी समेत परिवार के अन्य सदस्यों की भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगातार दो दिनों में पिता और पुत्र की मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


