Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र की खड़िया कॉलोनी में उपमुखिया पति और सीएससी संचालक तारापदो महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो शूटरों विकास दुबे और अभिषेक कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, वारदात में प्रयुक्त बाइक और खून लगा चाकू बरामद किया गया है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि यह हत्या जमीन विवाद के कारण की गई थी। हत्या की साजिश घाटशिला जेल में बंद आर्म्स एक्ट आरोपी जितेंद्र दुबे ने रची थी। जितेंद्र ने अपने भाई छोटू गोराई के माध्यम से शूटरों की व्यवस्था कराई। छोटू गोराई ने जगरनाथ गोराई को डेढ़ लाख रुपये में हत्या के लिए तैयार किया।
इसके बाद जगरनाथ गोराई ने विकास दुबे और अभिषेक कुमार को 10–10 हजार रुपये का लालच देकर हत्या में शामिल किया। घटना वाले दिन सभी आरोपी बाइक से खड़िया कॉलोनी पहुंचे। जैसे ही तारापदो महतो अपनी दुकान बंद कर रहे थे, अभिषेक और जगरनाथ दुकान में घुस गए। पहले अभिषेक ने चाकू से हमला किया और महतो को घायल किया, फिर जगरनाथ ने गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस मामले ने इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपी न्याय के कटघरे में होंगे।


