देवघर। पावन माह सावन की दूसरी सोमवारी है। अहले सुबह से ही आस्था सैलाब उमड़ पड़ा है। आज करीब तीन लाख श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। सुबह के 5 बजे लगभग 4 किलोमीटर लंबी लाइन में करीब 8 हजार से अधिक लोग खड़े है।
मंदिर का द्वार खुलते ही बोल बम के जयकारों से गूंज उठा पूरा मंदिर परिसर
देवघर के बाबा धाम में तड़के सुबह 3.00 बजे मंदिर का द्वारा खुलते ही बोल बम के जयकारों से पूरा मंदिर गूंज रहा है। पट खुलने के बाद कांचा जल और प्रातः कालीन पूजा की गई। इसके बाद कांवरियों ने जल चढ़ाना शुरू किया।
देवघर में दूसरी सोमवारी को 2.5 लाख से अधिक भक्तों के जल चढ़ाने की संभावना
देवघर में दूसरी सोमवारी को 2.5 लाख से अधिक भक्तों के जल चढ़ाने की संभावना है। रविवार तक सावन में 12.5 लाख लोगों ने जल चढ़ाया।
हफ्ते में 5 दिन शीघ्र दर्शनम
इस बार श्रावणी मेले के दौरान मंदिर के नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। सप्ताह में केवल पांच दिन ही श्रद्धालु शीघ्र दर्शनम कर सकेंगे। यह बदलाव भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया है।
स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर लगाए गए हैं
रास्ते में कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों, स्थानीय लोगों और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर लगाए गए हैं। कहीं नींबू-पानी और ग्लूकोज का इंतजाम है, तो कहीं डॉक्टरों की टीम प्राथमिक उपचार दे रही है।
देवघर मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। देवघर DC और SP खुद मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। करीब 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। CCTV कैमरों से मंदिर और आसपास के क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। लाइन में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।


