रामगढ़। दिशोम गुरु गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म में केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। शनिवार की दोपहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका हेलीकॉप्टर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में उतरा। हेलीपैड से सीधे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने उनके घर पहुंचे। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्होंने अपनी संवेदना भी प्रकट की।
श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्री, सांसद और विधायकों का लगा तांता
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्री, सांसद और विधायकों का तांता लगा रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के मंत्री, सांसद और विधायक यहां पहुंचे। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव पहुंचे। यहां उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री के नेमरा स्थित आवास पहुंचे।


