Ranchi : बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भाजपा और इंडिया ब्लॉक के नेता आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने नितिन नबीन की नियुक्ति को पार्टी आलाकमान का बेहतर फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाकर यह संदेश दिया है कि पार्टी बदलाव और नए नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए तैयार है।
वहीं सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस नियुक्ति को भाजपा में वंशवाद का उदाहरण बताया है। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वंशवाद पर सवाल उठाने वाली भाजपा ने खुद इसका ताजा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब दो लोगों की पार्टी बनकर रह गई है और संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा है।
कांग्रेस ने भी इस नियुक्ति पर भाजपा को घेरा है। झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता जगदीश साहू ने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पार्टी में कोई ऐसा अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता नहीं था, जिसे मेहनत के दम पर यह जिम्मेदारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं और भाजपा को वंशवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है।


