Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड थमने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में शीतलहरी और घने कोहरे का असर बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि रांची अब अपने पुराने तेवर में लौट आई है और हिल स्टेशन जैसी नजर आ रही है। कई इलाकों में मौसम कुल्लू-मनाली जैसा महसूस हो रहा है।
राजधानी रांची के मैक्लूसकीगंज और कांके इलाके में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। वहीं गुमला और खूंटी जैसे जिलों में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। ठंड, शीतलहरी और कुहासे के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
ठंड को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं
कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। केजी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। वहीं इससे ऊपर की कक्षाओं के लिए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। इसके अलावा सड़क पर रहने वाले लोगों के लिए अलाव, अस्थायी आवास और कंबल की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कोई भी ठंड से परेशान न हो।


