Ranchi : झारखंड में पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर बढ़ गया है, जिससे राज्यभर में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य में कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, फिर भी तापमान लगातार नीचे जा रहा है।
गुमला में न्यूनतम तापमान 3°C
गोड्डा में अधिकतम तापमान 29.1°C और गुमला में न्यूनतम तापमान 3.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठिठुरन और बढ़ गई है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और गिरिडीह समेत अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 22°C से 27°C और न्यूनतम 6°C से 14°C रिकॉर्ड किया गया है।
7 से 10 दिसंबर तक और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। सुबह और देर रात को कोहरा बढ़ सकता है। 7 से 10 दिसंबर के बीच राज्य में न्यूनतम तापमान में 1–2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। हवा की दिशा उत्तरी रहने से ठंड और तेज होने की संभावना है। कई जिलों में रात का पारा 9°C से 11°C तक रहेगा। दक्षिणी हिस्से – जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला में दिन साफ रहेगा, लेकिन रातें ठंडी रहेंगी। 12 दिसंबर तक आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहेगा।
उत्तर-पश्चिमी जिलों में सबसे ज्यादा असर
मौसम केंद्र के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 10 दिसंबर तक राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिरेगा।
- कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में रात का तापमान 6°C से 10°C के बीच रहेगा।
- देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 24°C से 28°C और न्यूनतम 11°C से 16°C दर्ज होगा।
- रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में रात का पारा 9°C से 13°C के बीच रहने का अनुमान है।
शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी
मौसम विभाग ने पलामू, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा, चतरा और गिरिडीह में शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी जारी की है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और देर शाम बाहर निकलने से पहले सावधानी बरतने की अपील की गई है।


