Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में संयुक्त स्नातक स्तर (CGL) परीक्षा में सफल 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। लंबे इंतजार और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में प्रवेश का अवसर मिला।
सीएम ने मंच से 26 अभ्यर्थियों को सीधे नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के तहत विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। चयनित पदों में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के 847, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 239, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170, अंचल निरीक्षक सह कानूनगो के 178, कनीय सचिवालय सहायक के 288 और प्लानिंग असिस्टेंट के 4 पद शामिल हैं।
सीजीएल परीक्षा का प्रारंभ 28 दिसंबर 2015 को विज्ञापन जारी होने के साथ हुआ। इसके बाद आवेदन, प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा की तारीख कई बार बदलती रही। तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों को एक साथ जोड़ने, आरक्षण, नियमावली और पेपर लीक जैसी समस्याओं के कारण परीक्षा कई बार रद्द हुई। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में याचिकाएं भी दायर हुईं।साल 2024 में जनवरी और अगस्त-सितंबर में परीक्षा आयोजित हुई, लेकिन पेपर लीक और नियमों में भेदभाव के आरोप लगे। लंबे इंतजार के बाद अब 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर सरकारी सेवा में प्रवेश का रास्ता साफ हो गया है।


