
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के नव-प्रोन्नत अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। हाल ही में IPS रैंक में पदोन्नति पाने वाले इन अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने बैच पहनाकर सम्मानित किया। शिष्टाचार भेंट करने वालों में राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा और दीपक कुमार शामिल थे। सीएम ने सभी अधिकारियों को पदोन्नति पर बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिकारी भविष्य में भी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ राज्य की सेवा करेंगे।इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत IPS अधिकारियों को बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल रहा। नव-प्रोन्नत अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और राज्य की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का भरोसा दिलाया।




