Ranchi : एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कारोबारी विनय सिंह को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कांड संख्या 20/2025 के तहत की गई है। गिरफ्तारी के बाद विनय सिंह को रिमांड पर लिया गया है, जिससे उनकी कानूनी परेशानियां बढ़ गई हैं।
विनय सिंह फिलहाल चार अलग-अलग मामलों में आरोपी हैं। इनमें एक मामला शराब घोटाले से जुड़ा है, जिसमें उन्हें कुछ राहत मिली है। हालांकि अन्य तीन मामलों में उन्हें जमानत लेनी होगी। सभी मामलों में जमानत मिलने के बाद ही उनकी रिहाई संभव होगी। ACB ने आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसी आरोपी से पूछताछ कर रही है और संपत्तियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस केस में IAS विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। विनय सिंह के खिलाफ रांची के जगन्नाथपुर थाना में भी एक मामला दर्ज है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ACB ने जांच तेज कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


