Palamu : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक को दो बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। घटना सुबह लगभग 9 बजे हैदरनगर हाई स्कूल के मैदान में हुई। घायल युवक की पहचान नीरज चंद्रवंशी उर्फ मंटू (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने नजदीक से फायरिंग की और गोली युवक के सीने में लगी। घायल नीरज को प्राथमिक इलाज के बाद मेदिनीनगर अस्पताल रेफर किया गया है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के समय मैदान में कुछ लोग मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नीरज को अस्पताल तक पहुँचाया। बताया जा रहा है कि नीरज का घर मैदान के सामने ही है और वह अक्सर सुबह के समय टहलने या खेल देखने आता था।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी कर रही है। फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, दो बाइक सवार अपराधी घटना के बाद दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


