Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने भाजपा और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और झारखंड की प्रचंड बहुमत वाली सरकार को “देशद्रोहियों के बल पर चलने वाली सरकार” बताकर संविधान, झारखंडी अस्मिता और आदिवासी-मूलवासी समाज का अपमान कर रही है।
आदिवासियों ने BJP के खिलाफ दिया था स्पष्ट जनादेश : तिर्की
बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड की जनता, विशेषकर आदिवासी समुदाय, ने भाजपा के खिलाफ स्पष्ट जनादेश दिया था। उन्होंने बताया कि पिछली विधानसभा में एसटी के लिए सुरक्षित 28 में से 27 सीटों पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को जीत मिली थी। तिर्की के अनुसार यह साबित करता है कि जनता भाजपा की नीतियों से नाखुश थी। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेताओं की “लोकतंत्र-विरोधी मानसिकता” अब किसी से छिपी नहीं है।
“आदिवासियों का उत्पीड़न भाजपा की आदत”
भाजपा शासित राज्यों पर निशाना साधते हुए तिर्की ने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पेसा कानून को अडानी समूह के हित में कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगरौली जिले में लाखों पेड़ों की कटाई, हजारों हेक्टेयर वन भूमि पर कब्जा और आदिवासी गांवों में पाबंदियां भाजपा सरकारों की “दमनात्मक नीतियों” का उदाहरण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासियों को “माओवादी” बताकर उत्पीड़ित करना भाजपा की आदत बन चुकी है।
“घुसपैठ रोकना केंद्र का अधिकार, राज्य को दोष देना भ्रम फैलाना”
बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ रोकने की जिम्मेदारी केंद्र की है और भाजपा नेताओं द्वारा इसे राज्य सरकार पर थोपना सिर्फ राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के बयान जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने और राजनीतिक अंक जुटाने भर के हैं।


