Ranchi : झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आज यानी रविवार को 67 साल के हो गए। उनके जन्मदिन के अवसर पर राज्य भर में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए। सुबह से ही रांची स्थित उनके आवास पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा रही। फूलों के गुलदस्ते और ‘बाबूलाल मरांडी जिंदाबाद’ के नारों के बीच बाबूलाल मरांडी ने अपने प्रशंसकों के साथ केक काटा। इस दौरान उन्होंने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्यकर्ताओं को राज्य की सेवा और समाज के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में समर्थकों ने बाबूलाल मरांडी के झारखंड निर्माण में योगदान और उनके ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। लोगों ने चर्चा की कि कैसे उन्होंने राज्य के पहले मुख्यमंत्री के रूप में प्रशासनिक नींव रखी और सड़क व बुनियादी ढांचे का विकास करके नए राज्य की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाबूलाल मरांडी के जन्मदिन समारोह में राज्य के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।


