Ranchi : रांची के रिम्स परिसर में लंबे समय से विवादों में घिरे अपार्टमेंट और मकानों के अवैध कब्जे को हटाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन की विशेष टीम मौके पर पहुंची, जिसमें मजिस्ट्रेट और अंचल अधिकारी (सीओ) भी शामिल थे। कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हलचल मच गई।
प्रशासन की मौजूदगी के बाद विवादित अपार्टमेंट में रह रहे लोग अब स्वयं ही अपने फ्लैट खाली कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इन फ्लैटों और मकानों में अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाई थी। लोगों के अनुसार, हर फ्लैट को बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ सजाया गया था, जिसकी कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपये तक थी।
हालांकि, अदालत के आदेश के बाद इन निर्माणों को अवैध मानते हुए कब्जा हटाया जा रहा है। इस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में गहरी नाराजगी और निराशा देखी जा रही है। लोग प्रशासन से अपनी जमा पूंजी की सुरक्षा और उचित समाधान की मांग कर रहे हैं। फिलहाल जिला प्रशासन पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने में जुटा हुआ है।


