Jamshedpur : जमशेदपुर के मुसाबनी थाना क्षेत्र में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका के पति संजय शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल साड़ी की जली हुई राख भी बरामद की है।
झाड़ियों में मिला था शव
8 दिसंबर को बेनाशोल इलाके की झाड़ियों में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि मृतका निशा शर्मा, हरिजन बस्ती की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब सात साल पहले संजय शर्मा से हुई थी। दंपती के दो बच्चे भी हैं।
खाना बनाने को लेकर हुआ विवाद
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में संजय ने पत्नी की साड़ी को गले में कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया और साड़ी को जला दिया, ताकि सबूत न बचे।
तकनीकी जांच और पूछताछ में खुलासा
थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि तकनीकी जांच, सबूतों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान संजय ने अपना गुनाह भी स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि यह उसकी तीसरी शादी थी और वह पहले दो शादियां भी कर चुका है। फिलहाल आरोपी जेल में है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


