रांची..रांची में नशे में धुत आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया. आरोपियों ने जगन्नाथपुर थाना की पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया. इस हमले में पीसीआर वैन क्षतिग्रस्त हो गयी. आरोपियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की.
एएसआई ने केस दर्ज कराया
बताया गया कि इस मामले में जगन्नाथपुर थाना के एएसआई अनिल कुमार राम ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने जानकारी दी कि चार जुलाई की रात 12:30 बजे पुराना विधानसभा मैदान में एक चालक तेजी से थार वाहन चला रहा था. उसमें बैठे लोग गाली-गलौज भी कर रहे थे. इस पर एएसआई गश्ती दल के साथ वहां पर गये और वाहन को रोका
.पुलिस के साथ धक्का-मुक्की
उन्होंने बताया कि गाड़ी से चार लोग निकले. पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की, तो वे लोग उग्र हो गये. आरोपी एएसआई और उनके साथी जवानों के साथ गाली-ग्लौज और धक्का-मुक्की करने लगे. यह देख उन्होंने मदद के लिए पीसीआर-14 को मौके पर बुलाया. जैसे ही पीसीआर वैन वहां पहुंची, उन लोगों ने एएसआई को धक्का देकर गिरा दिया
.पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश
इसके बाद आरोपियों ने जान लेने की नियत से थार गाड़ी से पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया. फिर, थार चालक ने पीसीआर-14 में जोरदार टक्कर मारी, जिससे पीसीआर क्षतिग्रस्त हो गयी. धक्का-मुक्की के दौरान आरोपियों के दो मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गये थे. बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी नशे में धुत थे.


