बिना माइनिंग चालान के एक भी खनिज लदा वाहन चेकपोस्ट से पार नहीं हो:निधि द्विवेदी
पाकुड़ । पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के काशिला और कुसमा फाटक खनन चेकपोस्ट का औचक जांच किया । जांच के दौरान चेकपोस्ट में तैनात अधिकारी से संधारित पंजी एवं सीसीटीवी कैमरा की जानकारी ली। चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना माइनिंग चालान के एक भी खनिज लदा वाहन चेकपोस्ट से पार नहीं हो। एसपी के द्वारा माइनिंग चेकपोस्ट का औचक जांच किए जाने से बगैर माइनिंग के पत्थर ढुलाई करने वाले माफिया के बीच चर्चा का विषय बन गया है। पिछले दिनों बगैर माइनिंग के एक डंपर को नगर थाना की पुलिस और माइनिंग विभाग के अधिकारियों के द्वारा पकड़े जाने पर तीन लोगों पर मामला दर्ज हुआ है। हालांकि उक्त मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन पाकुड़ में फर्जी माइनिंग चालान का धंधा यहां अंदर ही अंदर लंबे दिनों से चलने की बात सामने आ रही है। हालांकि पाकुड़ में फर्जी माइनिंग चालान का गोरखधंधा यहां के लिए कोई नई बात नहीं है । पाकुड़ में पहले भी फर्जी माइनिंग चालान के सहारे चिप्स और बोल्डर ढुलाई का काम किया जाता रहा है।


