रामगढ़।मांडू विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। खनन क्षेत्र से जुड़े मामलों में अब एक नया चेहरा जिम्मेदारी संभालेगा। विधायक द्वारा जारी पत्र के तहत भोला कुमार महतो (सावन) को खनन विभाग के लिए विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरा बस्ती, पंचायत आरा उत्तरी के निवासी भोला कुमार महतो को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए विधायक ने स्पष्ट संकेत दिया है कि क्षेत्र में खनन से जुड़े कार्यों और गतिविधियों पर अब उनकी सीधी निगरानी रहेगी। सूत्रों की मानें तो खनन क्षेत्र में लगातार उठ रहे सवालों, अवैध उत्खनन और राजस्व हानि के बीच यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है। भोला महतो अब विभागीय कार्यों, शिकायतों और स्थानीय समस्याओं को सीधे विधायक तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
क्या हैं संकेत?
खनन गतिविधियों पर कसावट की तैयारी
स्थानीय स्तर पर मजबूत निगरानी तंत्र
अवैध कारोबार पर लगाम लगाने की कोशिश भोला कुमार महतो से संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 6206768738 जारी किया गया है। जिससे आम लोग भी अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
इस नियुक्ति को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे खनन क्षेत्र में पारदर्शिता लाने की पहल मान रहे हैं, तो कुछ इसे आने वाले समय में बड़े बदलाव का संकेत बता रहे हैं। अब देखना होगा कि भोला महतो इस नई जिम्मेदारी को कैसे निभाते हैं और क्या सच में मांडू के खनन क्षेत्र में सुधार की तस्वीर नजर आती है या यह भी महज एक औपचारिकता बनकर रह जाती है। फिलहाल, इस नियुक्ति ने मांडू की राजनीति और खनन कारोबार दोनों में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है।


