Godda : गोड्डा के पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम चौक के पास महिला पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम श्याम कुमार साह, सुबोध कुमार साह और मो आरिफ बताये गये। सभी आरोपी बिहार के भागलपुर के रहने वाले हैं। इस बात का खुलासा गोड्डा एसपी मुकेश कुमार ने मीडिया के सामने किया।
एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि महिला की हत्या की साजिश उसके पति ने दो लाख रुपये की सुपारी देकर रची थी। वारदात को बीते 17 जनवरी की शाम में अंजाम दिया गया था। गोड्डा से बाइक पर आ रही वंदना कुमारी (35) को गांधीग्राम चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला मूल रूप से कहलगांव, भागलपुर की रहने वाली हैं और वर्तमान में हनवारा थाना क्षेत्र में रह रही थीं। इस संबंध में घायल महिला के फर्दबयान के आधार पर पथरगामा थाना में कांड संख्या 13/26, दिनांक 18 जनवरी 2026 को चार नामजद सहित अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घायल महिला के पति का अपनी पत्नी के साथ गोड्डा सिविल कोर्ट में मामला चल रहा था। महिला के पति बिहार में ज्यूडिशियल जज हैं। इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए पति ने पत्नी की हत्या कराने की योजना बनाई। पत्नी को मारने का सौदा दो लाख रुपये में तय हुआ। आरोपियों ने सुपारी लेकर 17 जनवरी को महिला की हत्या के इरादे से चलती बाइक पर गोली चलाई।पुलिस ने कांड से जुड़े कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं। इनमें घटनास्थल से गोली का आगे का हिस्सा, घटना में प्रयुक्त दो बाइक, एक देशी कट्टा, तीन हेलमेट और तीन मास्क शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


