Ranchi : रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। जीपीओ यानी जनरल पोस्ट ऑफिस परिसर में कलेक्शन का पैसा जमा करने पहुंचे एक एजेंट को कुछ उचक्कों ने निशाना बनाया और उसके बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिये। मिली जानकारी के अनुसार, एजेंट जीपीओ में रुपये जमा करने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने उसके बैग को ब्लेड से फाड़ दिया। एजेंट को इसकी भनक तब लगी जब बैग हल्का महसूस हुआ। जांच करने पर उसने देखा कि बैग में रखा कैश गायब है।
घटना के तुरंत बाद एजेंट ने इसकी सूचना कोतवाली थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जीपीओ परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा।


