रामगढ़। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए मासूम बच्चे अंश और अंशिका को रामगढ़ पुलिस ने रामगढ़ के (चितरपुर क्षेत्र) से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों की बरामदगी के बाद परिजनों सहित पूरे इलाके ने राहत की सांस ली है। फिलहाल दोनों बच्चे रामगढ़ एसपी आवास में सुरक्षित रखे गए हैं, जहां उनकी देखरेख की जा रही है।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ और रांची पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच अभियान शुरू किया था। तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और स्थानीय स्तर पर छानबीन के आधार पर पुलिस की टीम रामगढ़ (चितरपुर) तक पहुंची, जहां से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चों को किस उद्देश्य से ले जाया गया था और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में और लोग शामिल हैं या नही।
एसपी आवास में सुरक्षा, मेडिकल जांच
बरामदगी के बाद दोनों बच्चों को एहतियातन रामगढ़ एसपी आवास में रखा गया है। बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है और काउंसलिंग की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि वे किसी मानसिक दबाव से बाहर आ सकें।
पूरे प्रकरण से उठेगा पर्दा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला पूरी तरह संवेदनशील है और इसकी हर कड़ी की जांच की जा रही है। रामगढ़ और रांची पुलिस की संयुक्त टीम जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इलाके में राहत का माहौल
बच्चों की सकुशल बरामदगी की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में खुशी और राहत का माहौल है। लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


