Ramgarh : रामगढ़ जिले के बाजार टांड़ इलाके में साईं मार्बल के पास बुधवार सुबह एक टेंपो पलटने से कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। मृतका परीक्षा देने जा रही थी। मृत छात्रा की पहचान कोठार निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह संजय ठाकुर की पुत्री थी और जीएम कॉलेज भुरकुंडा में परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बाजार टांड़ के पास टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से नेहा को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करते हुए शव को अस्पताल से वापस दुर्घटनास्थल ले जाकर सड़क पर रख दिया और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया है।


