देश-विदेश: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में बुधवार को प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर रामलला का भव्य अभिषेक होगा। इस विशेष धार्मिक समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
रक्षा मंत्री सुबह 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे और लगभग चार घंटे मंदिर परिसर में रहकर विभिन्न अनुष्ठानों में भाग लेंगे। इसके अलावा वह परकोटा में बने अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण भी करेंगे।
प्रतिष्ठा द्वादशी के दिन ही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामलला का अभिषेक किया जाएगा। यज्ञ, हवन और पूजन की पारंपरिक विधियां संपन्न होंगी। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के साथ संत-महात्मा, धर्माचार्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
अनुष्ठान के बाद रक्षा मंत्री अंगद टीला परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 3:20 बजे अयोध्या से वापस रवाना होंगे।
इस अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन और आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है। अयोध्या पूरी तरह से राममय वातावरण में डूबी हुई है, और भजन-कीर्तन, रामकथा व जयघोष से उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है।


