बोकारो : बोकारो में नव वर्ष के अवसर पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए डीसी अजय नाथ झा ने मंगलवार को वीडियो संवाद के जरिए पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नव वर्ष के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा और आपात सेवाओं को सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड में
डीसी ने सिविल सर्जन को जिले के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं 24×7 सुचारू रूप से संचालित रहें और दवाइयों, एंबुलेंस, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधि-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
नव वर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चास और बेरमो अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता रखने के लिए कहा गया।
पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पर्यटन स्थलों और गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ श्री रवि कुमार को सुरक्षा साइनेज लगाने और डीएमएमओ श्री शक्ति कुमार को प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
आपसी समन्वय पर जोर
डीसी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नव वर्ष का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


