सिमडेगा : सिमडेगा जिले में पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एसपी मो. अर्शी द्वारा “पुलिसमैन ऑफ द वीक: सिमडेगा पुलिस” पुरस्कार की शुरुआत की गई है। इस पुरस्कार के तहत उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यपरायणता और सकारात्मक सोच रखने वाले पुलिसकर्मियों को हर सप्ताह सम्मानित किया जाएगा।
योजना का उद्देश्य और चयन प्रक्रिया
इस योजना में आरक्षी से लेकर सहायक अवर निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा। चयनित पुलिसकर्मी को उनके बेहतर कार्य और अनुशासन के लिए पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही उनकी तस्वीर पूरे सप्ताह संबंधित थाना, ओपी या पुलिस प्रतिष्ठान के सूचना पट पर लगाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित करना और उनका मनोबल बनाए रखना है।
महिला आरक्षी रजनी केरकेट्टा सम्मानित
इसी क्रम में आज यानी मंगलवार को एसपी कार्यालय की गोपनीय शाखा में पदस्थापित महिला आरक्षी रजनी केरकेट्टा (बैच संख्या 68) को दिसंबर 2025 के तीसरे सप्ताह के लिए “पुलिसमैन ऑफ द वीक: सिमडेगा पुलिस” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रजनी केरकेट्टा को उनके उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यपरायणता और सकारात्मक सोच के लिए यह सम्मान दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी पूरी लगन और कुशलता के साथ निभा रही हैं।


