Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उड़नदस्ता टीम ने देर रात मादक पदार्थों की तस्करी का पर्दाफाश किया और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 36.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 18.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ ने बताया कि गांजा ओडिशा के रुपरा से ट्रेन में चढ़ाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के बनारस ले जाया जा रहा था। आरोपियों की पहचान मंजूर अली (22) पश्चिमी चंपारण, विवेकानंद गुप्ता (23) कुशीनगर और अशोक गिरी (40) बलिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि देर रात प्लेटफार्म नंबर पांच पर तीनों युवक बैग लेकर स्टेशन से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ जवानों ने उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें प्लास्टिक में पैक कुल 36.5 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना को सौंप दिया गया है।आरपीएफ ने यह भी बताया कि इससे पहले उड़नदस्ता टीम ने कई सफल कार्रवाई की हैं। हाल ही में 28 नवंबर को पलामू निवासी उदय कुमार के पास से 17 किलो और 27 सितंबर को पटना निवासी विकास कुमार के पास से 20 किलो गांजा बरामद किया गया था। आरपीएफ ने कहा कि ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी रोकने का अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा


