Ranchi : रांची के लोगों को जल्द ही एक नया नाइट मार्केट मिलने जा रहा है। रांची नगर निगम की पहल पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के बाहर नाइट मार्केट विकसित किया जा रहा है। इसके लिए प्लेटफॉर्म का निर्माण पूरा कर लिया गया है। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे शाम और रात के समय परिवार के साथ समय बिता सकें।
नगर निगम की योजना के अनुसार नाइट मार्केट में मुख्य रूप से खाने-पीने के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां स्ट्रीट फूड, फास्ट फूड के साथ-साथ पारंपरिक झारखंडी व्यंजन भी मिलेंगे। इसके अलावा कुछ स्टॉल हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और छोटे उत्पादों के भी होंगे, जिससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को लाभ मिलेगा। इस नाइट मार्केट के विकास पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस राशि से लाइटिंग, बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, बैठने के लिए बेंच और बैरिकेडिंग की गई है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बाजार को इस तरह तैयार किया गया है कि ट्रैफिक व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।
नाइट मार्केट में स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूरे क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। फूड स्टॉल लगाने वालों को साफ-सफाई और तय नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। नगर निगम का मानना है कि नाइट मार्केट से शहर की रौनक बढ़ेगी और लोगों को देर शाम घूमने-फिरने और खाने का नया विकल्प मिलेगा। इससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


