देश-विदेश: देश के महान उद्योगपति और टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा की जयंती पर रविवार को देशभर के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू सहित कई नेताओं ने उनके योगदान को याद किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रतन टाटा ने ईमानदारी और करुणा के साथ भारतीय उद्योग को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उद्योग और समाज सेवा के जरिए रतन टाटा ने सच्ची सफलता का अर्थ समझाया और उनकी विरासत आत्मनिर्भर भारत को प्रेरित करती रहेगी।बीजेपी नेता नितिन नवीन ने कहा कि रतन टाटा ने भारतीय व्यापार की श्रेष्ठ परंपराओं को अपनाया और युवाओं के लिए प्रेरणा बने। उन्होंने साबित किया कि सफलता तभी सार्थक है, जब वह दया और विनम्रता पर आधारित हो।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतन टाटा को भारतीय औद्योगिक प्रगति का मजबूत स्तंभ बताया और कहा कि उन्होंने उद्योग जगत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वहीं नितिन गडकरी और पीयूष गोयल ने उनके नेतृत्व, नवाचार और करुणा के साथ किए गए कार्यों की सराहना की।आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने रतन टाटा को दूरदर्शी और संवेदनशील नेता बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रतन टाटा ने भारत में उद्यम और उद्यमिता को नई गति दी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई।


