देश-विदेश: रूस और यूक्रेन के बीच लगभग चार साल से जारी संघर्ष बढ़ता ही जा रहा है। बीती रात यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला हुआ। शहर और आसपास के इलाकों में कई विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं।
यह हमला उस समय हुआ जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच फ्लोरिडा में शांति बैठक की तैयारी चल रही थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने किंझाल हाइपरसोनिक मिसाइल, चार इस्कैंडर बैलिस्टिक मिसाइल और कई कालिब्र क्रूज मिसाइलें कीव पर दागीं। इसके अलावा कई ड्रोन शहर और आसपास के इलाकों में देखे गए। इस हमले से कीव से लगभग 20 किलोमीटर दूर ब्रावरी शहर में बिजली गुल हो गई।
कीव के महापौर विटाली क्लिचको ने नागरिकों से शेल्टर में रहने की सलाह दी। यूक्रेन की एयर फोर्स ने भी सतर्क रहने को कहा। जेलेंस्की ने पहले बताया था कि ट्रंप के साथ बैठक से शांति समझौते की दिशा में कदम बढ़ सकते हैं। शांति योजना का 20-बिंदुओं वाला मसौदा लगभग 90% तैयार है।
रूस ने कहा कि उसके बल दक्षिणी यूक्रेन में मोर्चों पर आगे बढ़ रहे हैं और ज़ारोरिज्जिया क्षेत्र के कोसोव्त्सेवो कस्बे पर कब्जा किया है। रूस ने बताया कि 20 से 26 दिसंबर के बीच उसने यूक्रेन में कई हमले किए, जिनमें हाइपरसोनिक मिसाइलें भी इस्तेमाल हुईं। रूस का कहना है कि ये हमले यूक्रेन द्वारा रूस में हमलों के जवाब में किए गए और इसका लक्ष्य ऊर्जा सुविधाएं, परिवहन, हवाई अड्डे और सैन्य उपकरण भंडार थे।


