Ranchi : रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में ठंड का असर तेज हो गया है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम कनकनी बढ़ गई है। कई जिलों में घना कोहरा छाया रहने लगा है, जिसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे का असर बना रहेगा। रांची और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड के कारण देर रात बेघर लोगों को काफी परेशानी हो रही है और वे अलाव का सहारा ले रहे हैं।
गढ़वा, पलामू, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान कड़ाके की ठंड महसूस की गई। धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही है। इस मौसम में बुजुर्ग और बच्चे सर्दी, खांसी और सिरदर्द से अधिक परेशान हैं। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। बीते 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस कांके में दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 से 23 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। रांची में 24 दिसंबर तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने और बाद में आसमान साफ रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार के साथ-साथ रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है। सुबह और देर रात ठंड का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी।


