देश-विदेश: ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब दो महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में अजीत अगरकर की अगुवाई वाली BCCI चयन समिति कल यानी 20 दिसंबर को मुंबई में बैठक करेगी। इस बैठक में चयन समिति अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ घर पर होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज और T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम का ऐलान करेगी।
टीम इंडिया फिलहाल घर पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज खेल रही है, जिसका आखिरी मुकाबला आज अहमदाबाद में खेला जाएगा। BCCI ने बताया कि चयन बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसे कप्तान सूर्यकुमार यादव और चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर संबोधित करेंगे।
भारत अगले साल फरवरी में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा, जिसमें तीन वनडे और पांच T20 मैच होंगे। यह सीरीज 11 से 31 जनवरी तक खेली जाएगी। T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होगा। इस टूर्नामेंट में 20 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होकर 8 मार्च को फाइनल मैच के साथ समाप्त होगा।
भारत का ग्रुप और मैच स्थल :
- ग्रुप A : इंडिया, अमेरिका, नामीबिया, नीदरलैंड, पाकिस्तान
- भारत अपने ग्रुप मैच मुंबई (वानखेड़े स्टेडियम), दिल्ली (अरुण जेटली स्टेडियम), कोलंबो (आर. प्रेमदासा स्टेडियम) और अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम) में खेलेगा।
- पहला मैच भारत का मुंबई में अमेरिका के खिलाफ होगा।
अन्य ग्रुप्स :
- ग्रुप B : ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड, ओमान
- ग्रुप C : इंग्लैंड, वेस्ट इंडीज, बांग्लादेश, इटली, नेपाल
- ग्रुप D : साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई
भारत इस बार T20 वर्ल्ड कप का डिफेंडिंग चैंपियन है और अपने ग्रुप मैचों में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।


