Ranchi : रांची के ओरमांझी इलाके में सोमवार तड़के एक जंगली हाथी अपने झुंड से भटककर रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया। चकला गांव के कई खेतों में हाथी ने फसलों को रौंद दिया और शोर मचाने पर दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के पास न जाएं और उसे उकसाने की कोशिश न करें। एहतियातन इलाके में पुलिस और वनकर्मी अतिरिक्त तैनात किए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार, सर्दियों में हाथी भोजन और पानी की तलाश में जंगल से आबादी वाले इलाकों की ओर भटकते हैं। हाल के हफ्तों में रांची, गुमला, लोहरदगा और खूंटी जिलों में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। गुमला जिले के चैनपुर में हाथियों ने धान की फसल बर्बाद की थी, जबकि लोहरदगा के भंडरा में एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी।विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों के पास बढ़ती बस्तियों और जंगलों में खाद्य संसाधनों की कमी के कारण हाथियों और मानवों के बीच संघर्ष बढ़ रहा है। वन विभाग और प्रशासन लगातार ग्रामीणों को सुरक्षित रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। ओरमांझी में फिलहाल हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी जानकारी तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की गई है।


