Jamshedpur : जमशेदपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर पोटका थाना क्षेत्र के हाटा चौक के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नेताजी पब्लिक स्कूल की बस की टक्कर से परिमल गोप (40) नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार परिमल गोप जोड़ी गांव के रहने वाले थे। वे रोज की तरह रोलाघुटू तीरिंग के काम पर जा रहे थे। इसी दौरान हाटा चौक के पास स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि परिमल गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिमल के परिवार में उनकी पत्नी और एक पुत्र हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक गरीब परिवार से थे और उनके परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए। घटना से नाराज लोगों ने कुछ समय तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, स्कूल बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोग हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


