New Delhi : लोकसभा की कार्यवाही आज शुरू हो गई, जिसमें विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वायु प्रदूषण के गंभीर मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि हमारे अधिकांश बड़े शहर जहरीली हवा की चादर में जी रहे हैं। राहुल गांधी ने बताया कि इससे लाखों बच्चों को फेफड़ों की बीमारी हो रही है, बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा कोई राजनीतिक नहीं है, बल्कि हर सदस्य इस बात से सहमत होगा कि वायु प्रदूषण लोगों के जीवन और स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है।
राहुल गांधी ने सदन में सरकार से इस दिशा में सहयोग और कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने के लिए तुरंत कदम उठाने की जरूरत है।
इस पर केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और यह सदन में इस विषय पर विस्तृत चर्चा हो सकती है।विशेषज्ञों का कहना है कि वायु प्रदूषण देश के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है और इस पर जल्दी और ठोस कदम उठाने की जरूरत है। राहुल गांधी के उठाए गए इस मुद्दे पर सरकार की प्रतिक्रिया से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में प्रभावी नीति और समाधान सामने आएंगे।


