Khunti : खूंटी जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है।रनिया प्रखंड के डिग्री डाहटोली गांव में हाथियों के झुंड ने एक 60 वर्षीय महिला मरियम कोंगाड़ी को कुचलकर मार डाला। घटना इतनी अचानक हुई कि लोग संभल भी नहीं पाए। बीती देर रात हाथियों का झुंड गांव के खलिहानों में रखा धान खाने पहुंचा था। आवाज सुनकर मरियम कोंगाड़ी बाहर निकलीं, तभी एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी फैल गई और लोग आसपास इकट्ठा होने लगे।
परिजनों को दी गई तत्काल सहायता राशि
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने मृतका के परिजनों को 30 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी। मरियम कोंगाड़ी, क्षेत्र के पड़हा राजा पुजार कोंगाड़ी की पत्नी थीं। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने आसपास के खेतों में रखे धान को भी बर्बाद कर दिया और फिर जंगल की ओर लौट गए।
वनपाल अविनाश लुगुन ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि रात में खेत-खलिहानों की ओर जाने से बचें और हाथियों की सूचना तुरंत विभाग को दें।
स्कूल में घुसकर किया अनाज का नुकसान
इधर, कर्रा प्रखंड के बकसपुर पंचायत के लापा गांव में भी हाथियों का झुंड घुस आया। सरकारी स्कूल की चारदीवारी तोड़कर हाथियों ने मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल और आलू खा लिए। हाथियों ने स्कूल का काफी अनाज भी बर्बाद कर दिया, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं।
क्षेत्र में 14 हाथियों का झुंड, बढ़ रही दिक्कत
स्थानीय मुखिया पूनम बरला ने बताया कि पिछले कई दिनों से करीब 14 हाथियों का झुंड इलाके में घूम रहा है। लगातार खेतों, खलिहानों और घरों के आसपास नुकसान हो रहा है। उन्होंने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करने और हाथियों को उनके कॉरिडोर की ओर भेजने की मांग की है, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा हो सके।


