Dhanbad : धनबाद-बोकारो फोरलेन स्थित तेलमच्चो पुल के नीचे दामोदर नदी में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में डूबे छह युवकों में से चार के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो की तलाश जारी है।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को निकाला गया। बरामद शवों में से एक की पहचान भूली ए ब्लॉक निवासी विजय यादव (पुत्र स्वर्गीय उपेंद्र यादव) के रूप में हुई है। लापता युवकों में भीमकनाली के दो और भूली के चार युवक शामिल हैं।
गुरुवार सुबह तक सभी शव नहीं मिलने से ग्रामीणों और परिजनों ने आक्रोश में धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग जाम कर दिया। हालांकि पुलिस और प्रशासन के समझाने पर लोगों ने जाम खत्म किया।
कैसे हुआ हादसा
कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर भीमकनाली और भूली से दो समूहों में दस युवक स्नान करने नदी पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों समूहों के युवक नदी की तेज धारा में बह गए। स्थानीय लोगों ने भीमकनाली के तीन युवकों को बचा लिया, जबकि बाकी छह डूब गए।
अब तक चार शव बरामद हो चुके हैं और एनडीआरएफ टीम के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान तेज किया जाएगा।


