दिल्ली : ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज यानी बुधवार को PM मोदी से मुलाकात करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मुलाकात दिल्ली में दोपहर 3 बजे होने की संभावना है। पीएम मोदी टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देंगे और आने वाले मैचों के लिए उनका हौसला बढ़ाएंगे।
दिल्ली पहुंची महिला टीम, हुआ भव्य स्वागत
2 नवंबर को नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद मंगलवार शाम टीम दिल्ली पहुंची, जहां उनका ताज पैलेस होटल में भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के माथे पर तिलक लगाया गया और ढोल-नगाड़ों की धुन पर टीम का जोशीले अंदाज में स्वागत हुआ। BCCI और होटल स्टाफ ने तिरंगा लहराते हुए और देशभक्ति गीतों की धुन पर खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाया। कई खिलाड़ी ढोल की थाप पर नाचते भी नजर आईं।
BCCI ने किया 51 करोड़ रुपये इनाम का ऐलान
वर्ल्ड कप जीत की खुशी में BCCI ने महिला टीम के लिए 51 करोड़ रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। यह राशि खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और पांच सदस्यीय चयन समिति के बीच बांटी जाएगी। इसके अलावा, कई राज्य सरकारों ने भी अपने राज्यों की महिला खिलाड़ियों (जो वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं) के लिए विशेष इनाम और सम्मान की घोषणाएं की हैं।


