Ranchi : छठ महापर्व को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने पूरे शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। 27 और 28 अक्टूबर को लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्लान में कई बदलाव किए गए हैं।
भारी वाहनों पर दो दिन तक रोक
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 28 अक्टूबर को तड़के 2 बजे से सुबह 10 बजे तक शहर की सीमाओं में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। इन वाहनों को रिंग रोड मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक जाने की अनुमति होगी। सामान्य दिनों की तरह नो-एंट्री का समय पहले जैसा ही रहेगा।
छोटे वाहन और ऑटो-रिक्शा पर भी रोक
27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहन शहर में नहीं चल पाएंगे। इसी दिन दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक, कॉके और राम मंदिर के बीच ऑटो व ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक रहेगी। इसके अलावा फिरायालाल चौक से चढरी तालाब और जेल चौक से फिरायालाल की ओर जाने वाली सड़क पर सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी। ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि जरूरत पड़ने पर अन्य सड़कों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
छठ घाटों के पास बने पार्किंग स्थल
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के प्रमुख छठ घाटों के पास अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं।
जनता से पुलिस की अपील
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर घाटों की ओर न जाएं, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही छठ पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सकता है।


