रांची भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अभियान के प्रदेश संयोजक सह महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने स्वदेशी अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर अभियान से जुड़े स्टीकर, पोस्टर, पंपलेट, नोटपैड और संकल्प पत्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी अभियान’ एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि अगर हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपने जीवन का हिस्सा बनाए, तो भारत 2047 तक आत्मनिर्भर राष्ट्र बन सकता है।मरांडी ने अभियान के मंत्र ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “भारत का प्राचीन इतिहास गौरवशाली रहा है। 125 ई.पू. में मौर्यकाल के दौरान भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। उस समय विश्व जीडीपी में भारत का योगदान 33% था, जो गुलामी की लूट-खसोट के कारण 1947 तक घटकर 4% रह गया।”
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने स्वदेशी को आंदोलन का हथियार बनाया था। आज उसी भावना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों से भारत ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जल्द ही तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि मेक इन इंडिया के तहत अब तक 667 अरब डॉलर का निवेश आया है।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया-
• भारत में बिकने वाले 99.2% मोबाइल अब मेड इन इंडिया हैं।
• मोबाइल निर्यात 1500 करोड़ से बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
• खिलौना निर्यात में 239% वृद्धि हुई है और भारत अब 153 देशों को खिलौने भेज रहा है।
• ट्रैक्टर निर्माण में भारत पहले, बस निर्माण में दूसरे, और हैवी ट्रक निर्माण में तीसरे स्थान पर है।
• टेक्सटाइल सेक्टर में भारत अब विश्व का छठा सबसे बड़ा निर्यातक है।
• रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तेजी से बढ़ी है; रक्षा निर्यात 34 गुना तक बढ़ चुका है।
• भारत अब 200 देशों को दवाइयां, और 100 से अधिक देशों को ऑप्टिकल फाइबर निर्यात कर रहा है।
• देश में 98 करोड़ लोग इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं, जो 2014 में सिर्फ 25 करोड़ थे।
• सौर ऊर्जा में भारत तीसरे और पवन ऊर्जा में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अभियानों में भी भारत आत्मनिर्भर हो रहा है। ये सब प्रधानमंत्री मोदी की विकासोन्मुख और भारत-केंद्रित नीति का परिणाम है। मरांडी ने कहा कि युवा पीढ़ी में स्वदेशी भाव जागृत हो रहा है, और वही आत्मनिर्भर भारत की सच्ची निर्माता बनेगी। उन्होंने दीपावली और छठ पूजा जैसे त्योहारों पर लोगों से भारत निर्मित वस्तुएं खरीदने की अपील की।


