रांची-झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से आज शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की. उन्होंने जेसोवा की ओर से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होनेवाले दिवाली मेले में सम्मिलित होने के लिए मुख्यमंत्री को सपरिवार आमंत्रित किया.
जेसोवा प्रतिनिधिमंडल ने दी विस्तृत जानकारी
झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को अक्टूबर में लगनेवाले दिवाली मेले के दौरान 5 दिनों तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों से भी अवगत कराया. प्रतिनिधिमंडल ने जेसोवा के द्वारा किए जा रहे सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी.
मुलाकात करनेवालों में ये थीं शामिल
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात करने वालों में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, सचिव मनु झा, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह, कार्यकारिणी समिति सदस्य रंजना कुमार एवं ज्योति मंजू शामिल थीं.


