झारखंड …झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार उन पर उनके ही बॉडीगार्ड के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित सुरक्षा कर्मियों द्वारा लातेहार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। घटना मंगलवार की है, जब पूर्व मंत्री पलामू से रांची की ओर जा रहे थे। लातेहार जिला मुख्यालय के जुबली रोड पर जाम लगने के कारण उनका काफिला रुका। बताया जा रहा है कि जाम हटाने के प्रयास में उनके बॉडीगार्ड जब वाहन से उतरे, तो केएन त्रिपाठी ने गुस्से में आकर पहले उन्हें डांटा, फिर कथित तौर पर थप्पड़ मारा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।इस पूरे मामले पर पलामू पुलिस मेंस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जयप्रकाश पुरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सुरक्षाकर्मियों के साथ इस तरह का बर्ताव किया जाए। उन्होंने दावा किया कि पहले जवानों को जाम हटाने को कहा गया, और बाद में मंत्री स्वयं उतर कर एक जवान को थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील सिन्हा ने भी मामले को गंभीर बताया और कहा कि किसी भी जवान के साथ अपमानजनक व्यवहार अस्वीकार्य है। दोनों जवानों की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की गई, जिसमें वे नशे में नहीं पाए गए।बॉडीगार्ड्स के मुताबिक, जब वे जाम हटाने में व्यस्त थे, तब मंत्री गाड़ी से उतरकर उनके पास आए और बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने जातिगत अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया और फिर थप्पड़ मारते हुए ड्यूटी से वापस लौटने को कहा। इसके बाद दोनों जवान लातेहार थाना पहुंचे और अब शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में हैं। वे अपनी शिकायत की प्रतियां पलामू और लातेहार एसपी को भी सौंपेंगे। उधर, इस पूरे घटनाक्रम पर सफाई देते हुए पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने किसी भी जवान के साथ मारपीट नहीं की है। उनके अनुसार, जवानों को केवल समझाया गया और डांटा गया क्योंकि वे उनके साथ रहना नहीं चाहते थे। उन्होंने जातिसूचक भाषा इस्तेमाल करने के आरोपों को भी खारिज किया है।


