रांची… लैंड स्कैम के आरोपी अमित अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गयी है. झारखंड हाई कोर्ट से जमानत नहीं मिलने पर अमित ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली जमीन की फर्जी तरीके से खरीद-बिक्री मामले में अमित अग्रवाल को जमानत दे दी है. सुप्रीम कोर्ट से बेल मिलने के बाद अब अमित अग्रवाल जेल से बाहर आ जाएंगे, क्योंकि जिन-जिन मामलों में उन्हें गिरफ्तार किया गया था, उन सभी मामलों में उन्हें बेल मिल चुकी है.
बता दें कि झारखंड हाईकोर्ट ने अमित अग्रवाल को अप्रैल महीने में बेल देने से इनकार कर दिया था और उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी. जिसके बाद उसने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था. अमित को जिस मामले में बेल मिली है, वह ED के कांड संख्या 18/2022 से जुड़ा है. इस केस में अमित अग्रवाल, दिलीप घोष, रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, बड़ागाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, कथित रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान व मोहम्मद सद्दाम आरोपी हैं.


