
रामगढ़ थाना परिसर से फरार युवक हुआ लापता, परिजनों ने किया हंगामा
कांग्रेसी नेताओं ने युवक के साथ अप्रिय घटना करने का लगाया आरोप
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
रामगढ़। रामगढ़ थाना परिसर से फरार युवक गुड्डू उर्फ आफताब अंसारी लापता हो गया। पिछले 48 घंटे से उस युवक को ना तो किसी ने देखा और ना ही किसीने बात की। शनिवार को आफताब के परिजन सैकड़ो लोगों के साथ रामगढ़ थाना परिसर पहुंचे और जमकर बवाल काटा। उन लोगों ने पुलिस पर आफताब के साथ मारपीट करने और उसके साथ अप्रिय घटना करने का आरोप लगाया है।
आफताब की पत्नी ने रामगढ़ थाने में दिया आवेदन
इस मामले में आफताब की पत्नी सालेहा खातून ने रामगढ़ थाने में एक आवेदन भी दिया है। चितरपुर प्रखंड के लारीकला गांव निवासी सालेहा ने बताया है कि उसका पति रामगढ़ शहर के चट्टी बाजार स्थित आर्सी गारमेंट में काम करता था। 23 जुलाई को उसके पति के विरुद्ध रामगढ़ थाने में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ था। उसी दिन लगभग 3:00 बजे एक आई-10 कार से कुछ लोग दुकान में पहुंचे और घुसकर उसके पति के साथ मारपीट की। उसे घसीटते हुए दुकान से बाहर निकाला गया और कई लोगों ने आफताब को बेदर्दी से पीटा। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और उसके पति को थाने ले गई। 24 जुलाई को 11:00 बजे तक उसका पति रामगढ़ थाने परिसर में ही उपस्थित था। जिसका गवाह भुरकुंडा निवासी अरुण गोयल है। उसके बाद आफताब के बारे में कोई खोज खबर नहीं मिली। वह अब अपने पति से मिलवाने के लिए पुलिस से गुहार लगा रही है।
मारपीट के मामले में थाने लाया गया था आफताब : एसडीपीओ
रामगढ़ थाने में हो हंगामा को शांत करने के लिए एसपी अजय कुमार ने पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी को जिम्मेदारी सौंपी। रामगढ़ थाना पहुंचे एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को आर्सी गारमेंट दुकान में आफताब के साथ मारपीट की गई थी। इसी मामले में पूछताछ के लिए पुलिस उसे रामगढ़ थाने लेकर आई थी। उसे ना तो हाज़त में रखा गया था और ना ही उसके साथ कोई ज्यादती हुई। वह थाने के सिरिसता में ही मौजूद था। 24 जुलाई की दोपहर वह यहां के संतरी और सिपाहियों को चकमा देकर फरार हो गया है। इस मामले में तीन-चार बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस पदाधिकारी की लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने बाबूलाल मरांडी पर साधा निशाना
इस पूरे प्रकरण में पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर भी पहुंचे। उनके साथ प्रदेश प्रवक्ता रियाज अहमद, पार्टी के जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, शहजाद खान, तारिक अनवर, पंकज तिवारी, बलजीत सिंह बेदी शहीद कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। शहजाद अनवर ने कहा कि एक संगठन बनाकर कुछ लोगों के द्वारा सामाजिक विद्वेष फैलाया जा रहा है। इस विद्वेष को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी पीछे नहीं है। उन्होंने रामगढ़ थाने के एक छोटे से मामले में बिना जांच किए ही सोशल मीडिया पर पुलिस की हरकतों को उजागर कर दिया। आज जिस युवक के बारे में उन्होंने प्राथमिकी दर्ज करने की बात की गई है, वह पुलिस की लापरवाही का शिकार हो गया। उसका पूरा परिवार पीड़ित है। इस तरह की ओछी हरकत समाज को तोड़ने का काम करती है। उन्होंने रामगढ़ पुलिस पर भी लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ पुलिस प्रशासन इस मामले में तत्काल उस युवक को तलाश कर सबके सामने हाजिर करें। जब तक प्रशासन आफताब को सामने लेकर नहीं आती है लोग आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
आदिवासी युवती ने आफताब पर लगाया था यौन शोषण का आरोप
आफताब अंसारी पर भुरकुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाली एक आदिवासी महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। उसने पुलिस को बताया था कि शहर के चट्टी बाजार स्थित आर्सी गारमेंट दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर आफताब ने उसे रामगढ़ बस स्टैंड के पीछे एक होटल में बुलाया। जहां उसने बहला फुसलाकर उसके साथ यौन संबंध बनाएं। इस दौरान आफताब ने उसका अश्लील वीडियो और फोटो भी निकाल लिया। होटल से निकलने के बाद आफताब ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू किया। इस दौरान उसने 50 हजार रुपए मांगे। पीड़िता ने कहा कि वह दुकान के मालिक को सारी बात बता देगी। उसने जब दुकान के मालिक से बात की तो वह भी बोला कि आफ़ताब जो बोलता है वह करो। इसके बाद उससे वीडियो और फोटो डिलीट करने के नाम पर 10 हजार रुपए लिए। घटना की जानकारी के बाद महिला के परिजन कुछ लोगों के साथ 23 जुलाई को दुकान में मालिक से बात करने पहुंचे थे। इसी दौरान आफताब अंसारी के द्वारा उन्हें धमकी दी जाने लगी और फिर उन लोगों के बीच हाथापाई हुई। इस मामले में रामगढ़ महिला थाना में कांड संख्या 14/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
दुकान के मालिक ने भी रामगढ़ थाने में दिया आवेदन
इस मामले में आर्सी गारमेंट दुकान के मालिक शमीम अंसारी ने भी रामगढ़ थाने में आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस को कहा है कि उसे लगातार धमकी दी जा रही है। शमीम अंसारी ने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई को उसके दुकान में हिंदू टाइगर फोर्स के लोग घुसे और आफताब अंसारी को मारने पीटने लगे। इस दौरान पुलिस वहां पहुंची और आफताब अंसारी को थाने ले गई। दुकान में हुई मारपीट की घटना के बारे में लिखित शिकायत करने जब वह थाने पहुंचे, तो वहां भुरकुंडा निवासी राजेश सिन्हा ने उन्हें धमकी दी और कहा कि आवेदन नहीं दो वरना गंभीर परिणाम के लिए तैयार रहो। शमीम ने पुलिस को बताया कि वह भुरकुंडा से रामगढ़ रोज आना-जाना करता है। उसे डर है कि राजेश सिन्हा और उनके सहयोगी उनके विरुद्ध कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।


